Homeबड़ी खबरेताजा खबरपडरछ ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहाल: दो महीने से बंद टीकाकरण,...

पडरछ ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहाल: दो महीने से बंद टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की जान पर खतरा

पडरछ ग्राम पंचायत में स्वास्थ्य व्यवस्था बेहाल: दो महीने से बंद टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं और बच्चों की जान पर खतरा

सोनभद्र जिले के चोपन विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पडरछ के भालूकुदर टोला में स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बीते दो महीनों से बच्चों और गर्भवती महिलाओं का नियमित टीकाकरण पूरी तरह ठप पड़ा है, जिससे क्षेत्र में गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। आदिवासी बहुल इस इलाके में स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही अब खुलकर सामने आ रही है।
ग्राम पंचायत में कार्यरत आशा कार्यकर्ता अनीता देवी ने बताया कि दो महीने से न तो बच्चों को टीके लगाए जा रहे हैं और न ही गर्भवती महिलाओं को आवश्यक टीकाकरण मिल पा रहा है। लाभार्थी महिलाएं रोज़ पूछती हैं कि “दीदी, टीका कब लगेगा?” लेकिन उनके पास कोई जवाब नहीं होता। इस संबंध में जब सुपरवाइजर कृष्णमूरारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि संबंधित एएनएम का ट्रांसफर हो गया है और नई एएनएम की तैनाती अभी नहीं हुई है। जब तक नई एएनएम नहीं आएगी, तब तक टीकाकरण संभव नहीं है।
टीकाकरण बंद होने के कारण क्षेत्र में मौसमी बीमारियां फैलने लगी हैं, जिससे छोटे बच्चों और गर्भवती महिलाओं की स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। वहीं, प्रसव के समय मिलने वाली सरकारी निशुल्क एंबुलेंस सेवा भी केवल कागजों तक सिमट कर रह गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि एंबुलेंस बुलाने पर चालक दूरी का बहाना बनाकर आने से मना कर देता है और “खर्चा-पानी” देने के बाद ही एंबुलेंस उपलब्ध कराई जाती है।
गौरतलब है कि पडरछ ग्राम पंचायत में लगभग 80 प्रतिशत आबादी आदिवासी समुदाय की है। कई बार समय पर एंबुलेंस और चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण प्रसव के दौरान जच्चा-बच्चा की मौत तक हो जाती है। यह स्थिति स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि अविलंब नई एएनएम की तैनाती की जाए, नियमित टीकाकरण शुरू कराया जाए और एंबुलेंस सेवा की सख्त निगरानी हो, ताकि गरीब और आदिवासी परिवारों को उनका हक मिल सके।

चोपन सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद
अपने शहर की छोटी-बड़ी खबरों के लिए भारत दृष्टि लाइव न्यूज से बने रहिए

RELATED ARTICLES

Most Popular