
घघरी जंगल मार्ग पर बालू लदा ट्रैक्टर पलटा, जर्जर सड़क ने खोली व्यवस्था की पोल
अधूरी सड़क बनी हादसे का कारण, वर्षों से निर्माण की मांग पर नहीं हुई ठोस कार्रवाई; ग्रामीणों में आक्रोश
घघरी (सोनभद्र)। घघरी ग्राम पंचायत के मुख्य जंगल मार्ग पर सोमवार को निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर जा रहा एक ट्रैक्टर जर्जर एवं अधूरी सड़क के कारण अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रैक्टर पर बड़ी मात्रा में बालू लदा हुआ था। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। हालांकि राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, ट्रैक्टर निर्माण कार्य के लिए बालू लेकर जंगल मार्ग से गुजर रहा था। सड़क की बदहाल स्थिति और निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण वाहन असंतुलित होकर पलट गया। ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में मार्ग की स्थिति और भी खराब हो जाती है। जगह-जगह गड्ढे, कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण पैदल राहगीरों से लेकर दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों तक को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का आरोप है कि इस मार्ग की बदहाली को लेकर कई वर्षों से स्थायी सड़क निर्माण की मांग की जा रही है। संबंधित अधिकारियों से लेकर जिलाधिकारी तक कई बार प्रार्थना पत्र और शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद सड़क निर्माण की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
सड़क निर्माण को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले उमंग गुप्ता ने कहा कि शासन-प्रशासन को कई बार पत्र देकर समस्या से अवगत कराया गया है। इसके अलावा धरना-प्रदर्शन और श्रमदान के माध्यम से भी जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया गया। समाचार पत्रों और अन्य माध्यमों से भी सड़क की दुर्दशा को प्रमुखता से उठाया गया, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि समय रहते सड़क का निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो आने वाले दिनों में दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ सकता है।
उमंग गुप्ता समेत स्थानीय ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग से घघरी जंगल मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।



