
खड़े ट्रैक्टर से भिड़ीं दो बाइक, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर।
साढ़ू भाइयों के साथ हुआ हादसा, चार माह पहले हुई थी मृतक की शादी
विंढमगंज से जितेन्द्र प्रसाद की रिपोर्ट
विंढमगंज (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडीह में एनएच-39 पर कर्बला के पास मंगलवार रात करीब आठ बजे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से पीछे से आ रहीं दो बाइकों की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दोनों युवक साढ़ू भाई बताए जा रहे हैं।
घिवही निवासी कमलेश कुमार पनिका (25) और बीजपुर थाना क्षेत्र के खमरिया निवासी रामशकल पनिका अलग-अलग बाइक से घर लौट रहे थे। पहले कमलेश की बाइक ट्रैक्टर से टकराई। पीछे से आ रहे रामशकल ने बचने का प्रयास किया, लेकिन उनकी बाइक भी ट्रैक्टर से भिड़ गई।
सलैयाडीह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किंशु ने घायल कमलेश को बाइक से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सक सतेंद्र प्रसाद ने उपचार शुरू किया, लेकिन कुछ देर बाद कमलेश ने दम तोड़ दिया। रामशकल का उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। परिजनों के अस्पताल पहुंचते ही कोहराम मच गया। बताया गया कि कमलेश की शादी चार माह पहले हुई थी। नवविवाहिता पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
स्थानीय लोगों ने बिना प्रकाश और सुरक्षा संकेत के सड़क किनारे खड़े वाहनों पर चिंता जताते हुए प्रशासन से प्रभावी व्यवस्था की मांग की है.



