
एक साल में ही टूटने लगी पीसीसी सड़क, ग्रामीणों में भारी आक्रोश!
सलैयाडिह, दुद्धि (सोनभद्र)
विकासखंड दुद्धि के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह में काली मंदिर के ठीक सामने से होते हुए इंडियन बैंक कहारी मुहल्ला मार्ग से रेलवे लाइन तक लगभग एक वर्ष पूर्व पीसीसी सड़क का निर्माण कराया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में भारी लापरवाही बरती गई, जिसके कारण आज सड़क जगह-जगह से टूटने लगी है और सड़क के दोनों पटरी पर अब तक मिट्टी भी नहीं डाली गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क के किनारे मिट्टी नहीं होने के कारण आए दिन मोटरसाइकिल चालक, फोर व्हीलर वाहन एवं पैदल चलने वाले लोग दुर्घटना का शिकार होते-होते बच रहे हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और भी भयावह हो सकती है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धरातल पर कार्य अधूरा दिखाई दे रहा है, जबकि कागजी कार्रवाई में निर्माण कार्य पूर्ण दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया गया।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषी ठेकेदार एवं संबंधित अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
इस पीसीसी निर्माण कार्य में सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के नाम इस प्रकार बताए जा रहे हैं —
माननीय श्रीमती राधिका सिंह पटेल — अध्यक्ष जिला पंचायत सदस्य
आशा देवी — जिला पंचायत सदस्य
आशीष सिंह पटेल — कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार
श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह — एमएलसी मिर्जापुर
पकौड़ी लाल कोल — सांसद सोनभद्र
विनोद कुमार वर्मा — अपर अधिवक्ता
राजबली वर्मा — अधिवक्ता
राजेश कुमार चौधरी — अपर मुख्य अधिवक्ता सोनभद्र
अब देखना यह होगा कि आखिर जनता की समस्या पर शासन-प्रशासन कब संज्ञान लेता है और अधूरे निर्माण कार्य पर कब कार्रवाई होती है।



