
गंदगी और कूड़े के अंबार से जूझ रहा सलैयाडिह का कहारी मुहल्ला, ग्रामीणों में बीमारी का डर
विंढमगंज सोनभद्र/दुद्धी विकास खण्ड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह के कहारी मुहल्ला में गंदगी और कूड़े का अंबार ग्रामीणों के लिए बड़ी समस्या बन गया है। गांव की गलियों, नालियों और सार्वजनिक स्थानों पर फैली गंदगी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। जगह-जगह जमा कूड़े और गंदे पानी से मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीण विभिन्न बीमारियों की चपेट में आने लगे हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार द्वारा प्रत्येक ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के लिए सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई है, लेकिन सलैयाडिह ग्राम पंचायत में सफाई कर्मी कभी नजर नहीं आते। कई दिनों तक नालियों की सफाई नहीं होने से गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और पूरे मुहल्ले में दुर्गंध फैली हुई है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप के कारण बुखार, सर्दी, खांसी और अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। इसके बावजूद ग्राम प्रधान और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।
ग्रामीण जनता ने ग्राम प्रधान और सफाई कर्मियों पर घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द साफ-सफाई नहीं कराई गई तो बीमारी फैलने की आशंका और बढ़ जाएगी। ग्रामीणों ने मांग की है कि नियमित सफाई, नालियों की सफाई और फॉगिंग की व्यवस्था कराई जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।



