
NH-39 पर भीषण सड़क हादसा: बाइक और कार की टक्कर में युवक की मौत
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना विंढमगंज क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर ग्राम जोरुखाड़ के समीप गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई तथा मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान संदीप कुमार के रूप में हुई है, जो ग्राम केवाल के सुगवामान टोला निवासी रामबली के दामाद थे। बताया जाता है कि वह वर्तमान में छत्तीसगढ़ के बस राजकुँवर क्षेत्र में रह रहे थे। गुरुवार को वह अपनी बाइक संख्या UP 64 BD 0784 से दुद्धी की ओर से विंढमगंज जा रहे थे। इसी दौरान जोरुखाड़ गांव के पास उनकी बाइक और ब्रेजा कार संख्या UP 64 AC 1616 के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार संदीप कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
थानाध्यक्ष संतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की तथा पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मोर्चरी भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस दुखद हादसे से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं क्षेत्र के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

और



