
महुली (सोनभद्र)। विंढमगंज थाना क्षेत्र के जोरूखाड़ टोला बगबियानी में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे झाड़ियों में एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान रजनि कांत (25) पुत्र स्वर्गीय अश्विनी कुमार, निवासी पतरिहा के रूप में हुई। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
ग्रामीणों ने सुबह झाड़ियों में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची विंढमगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में युवक के सिर के पीछे और गर्दन पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। परिस्थितियों को देखते हुए मामला हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मृतक रजनि कांत ने पॉलिटेक्निक की शिक्षा प्राप्त की थी और परिवार की जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहा था। करीब एक वर्ष पूर्व उसके पिता का बीमारी के चलते निधन हो गया था। वह दो भाइयों में बड़ा था। युवक की अचानक हुई मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे क्षेत्र में शोक तथा आक्रोश का माहौल है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में हत्या की आशंका को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं।



