
हरनाकछार स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ छठ महापर्व

विण्ढमगंज (सोनभद्र):
स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरनाकछार स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर के समीप मालिया नदी तट पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी छठ महापर्व का आयोजन बड़े ही श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
छठ महापर्व को आस्था और विश्वास का प्रतीक माना जाता है। श्रद्धालु मानते हैं कि छठी मैया से मांगी गई मन्नत अवश्य पूर्ण होती है। इसी विश्वास के साथ ग्राम पंचायत हरनाकछार, कोलिन्डुबा और घिवही सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालु मालिया नदी तट पर एकत्र हुए और उगते व डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
कार्यक्रम में ग्रामीणों का उत्साह देखने लायक था। पूरा घाट भक्तिमय माहौल से गुंजायमान रहा। आयोजन की व्यवस्था में बजरंग क्लब समिति के पदाधिकारियों व सदस्यों की भूमिका सराहनीय रही। समिति की ओर से छठ महापर्व के सफल आयोजन में योगदान देने वाले सभी सहयोगियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
बजरंग क्लब समिति के सदस्यों ने कहा कि आने वाले वर्षों में यह आयोजन और भी भव्य रूप में किया जाएगा ताकि गांव और समाज का गौरव बढ़े।



