
छठ पूजा विसर्जन के बाद हरनाकछार में कार और बाइक की जोरदार टक्कर, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल।

विण्ढमगंज (सोनभद्र):
स्थानीय थाना क्षेत्र विण्ढमगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार में छठ महापर्व के विसर्जन कार्यक्रम के लगभग चार घंटे बाद एक कार और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष यादव पुत्र नन्दकिशोर यादव निवासी हरनाकछार, छठ पूजा स्थल से अपने घर वापस लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक संख्या UP64 S 8714 जैसे ही हरनाकछार मेन रोड पर पहुंची, तभी विण्ढमगंज की ओर से आ रही डिज़ायर कार (संख्या UP64AX5190) से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार संतोष यादव सड़क पर गिर पड़े और उनके पैर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के तुरंत बाद कार चालक सूरज कुमार ने मानवीयता दिखाते हुए घायल युवक को अपने निजी वाहन से विण्ढमगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहाँ मौजूद चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए उन्हें दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन और कार मालिक ने मिलकर घायल युवक को आगे के उपचार हेतु दुद्धि हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
घटना के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई।
रिपोर्ट – जितेन्द्र प्रसाद, भारत दृष्टि लाइव न्यूज़, सोनभद्र।



