
हरनाकछार के मालेश्वर महादेव मंदिर पर आकाशीय बिजली गिरने से ढहा यज्ञ मंडप।


विण्ढमगंज ,सोनभद्र /स्थानीय थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार स्थित श्री मालेश्वर महादेव मंदिर पर शुक्रवार की रात एक बड़ा हादसा टल गया। कुवार पूर्णिमा के अवसर पर चल रहे अखंड कीर्तन के दौरान रात करीब 9 बजे आकाशीय बिजली मंदिर प्रांगण में यज्ञशाला के मंडप पर गिर पड़ी।
बिजली गिरने से लकड़ी का गुंबद फटकर जमीन पर जा गिरा, लेकिन चमत्कारिक रूप से किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ।
मंदिर के पुजारी अरविंद कुमार दुबे और स्थानीय निवासी रामप्यारी यादव ने बताया कि उस समय वे सभी भक्तगण मंदिर परिसर में भक्ति भाव से कीर्तन कर रहे थे। इसी बीच पुजारी और गांव के ही राजेंद्र गौड़ कुछ देर के लिए बाहर निकले थे। तभी अचानक तेज़ आवाज़ के साथ बिजली यज्ञशाला पर गिरी और मंडप बिखर गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी भक्त पूरी तरह सुरक्षित बच गए। ग्रामवासियों ने इसे ईश्वर की कृपा और यज्ञ महाराज की दिव्य शक्ति का परिणाम बताया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बिजली गांव के किसी घर या भीड़ पर गिरती तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
मार्च 2025 में ही ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों के सहयोग से इस मंदिर में नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन हुआ था। यज्ञशाला का मंडप उसी अवसर पर बनाया गया था।
यह घटना जहां आस्था और विश्वास को मजबूत करती है, वहीं यह भी सीख देती है कि प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से अपील की है कि मंदिर प्रांगण में लाइटनिंग अरेस्टर जैसी सुरक्षा व्यवस्था की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
यह हादसा भले ही टल गया, लेकिन इसने पूरे क्षेत्र को हिला दिया है। फिलहाल मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा हुआ है और लोग इसे भगवान शिव की कृपा मानकर आभार जता रहे हैं।



