Homeबड़ी खबरेताजा खबरस्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, हर बच्चे को विद्यालय...

स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, हर बच्चे को विद्यालय भेजने का लिया संकल्प।

स्कूल चलो अभियान के तहत निकली जागरूकता रैली, हर बच्चे को विद्यालय भेजने का लिया संकल्प।


विंढमगंज (सोनभद्र)। शासन की मंशा के अनुरूप विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विकासखंड दुद्धी के कंपोजिट विद्यालय बुटबेढ़वा में शुक्रवार को स्कूल चलो अभियान के अंतर्गत जागरूकता रैली निकाली गई। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी प्रेमशंकर राम के निर्देशन में किया गया।
रैली में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं शिक्षामित्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों ने गांव की विभिन्न गलियों में भ्रमण करते हुए शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस दौरान “आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे”, “एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा”, “मम्मी-पापा का मान बढ़ाएंगे, रोज स्कूल जाएंगे” जैसे प्रेरक नारे लगाए गए। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अपने बच्चों का समय पर विद्यालय में नामांकन कराकर नियमित रूप से पढ़ाई के लिए भेजें।
रैली के समापन पर आयोजित सभा में शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन, छात्रवृत्ति सहित अन्य सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और समाज के सहयोग से ही कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित नहीं रहेगा।
विद्यालय प्रशासन ने विशेष रूप से 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के ऐसे बच्चों का नामांकन कराने पर जोर दिया जो अभी तक विद्यालय नहीं पहुंच पाए हैं। कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों से शिक्षा के महत्व को समझते हुए बच्चों का भविष्य उज्ज्वल बनाने में सहयोग करने की अपील की गई।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं, शिक्षामित्रों तथा विद्यालय परिवार के अन्य सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई और स्कूल चलो अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular