Homeबड़ी खबरेताजा खबरसरना पुल के पास ट्रेन की चपेट में युवक की मौत, पहचान...

सरना पुल के पास ट्रेन की चपेट में युवक की मौत, पहचान होते ही मचा हड़कंप।

सरना पुल के पास ट्रेन की चपेट में युवक की मौत, पहचान होते ही मचा हड़कंप।

विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत घिवही स्थित मालिया नदी के सरना पुल के पास रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में झारखंड निवासी युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतक की पहचान संतोष तिर्की (उम्र लगभग 33 वर्ष), निवासी बन्होरा रंका टोला, हेहल सुखदेव नगर, रांची (झारखंड) के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7 बजे रेलवे ट्रैक की पेट्रोलिंग कर रहे गैंगमैन की नजर खम्भा नंबर 60/23 के पास सरना पुल पर पड़े शव पर पड़ी। उन्होंने तुरंत स्थानीय ग्रामीणों को सूचना दी, जिसके बाद विंढमगंज रेलवे स्टेशन मास्टर को अवगत कराया गया। ग्रामीणों द्वारा तत्काल इसकी सूचना विंढमगंज थाना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मौजूदगी में पंचनामा की कार्रवाई शुरू की। मृतक के पास से तलाशी के दौरान आधार कार्ड, पैन कार्ड, निर्वाचन पहचान पत्र, रेलवे टिकट और लगभग ₹400 नगद बरामद हुए, जिससे उसकी पहचान सुनिश्चित की गई।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के अनुसार, मृतक की पत्नी ने धनबाद मंडल कार्यालय में रात करीब 2 बजे शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके पति ट्रेन से कहीं गिर गए हैं। इसके बाद से ही RPF टीम द्वारा संतोष तिर्की की तलाश की जा रही थी। सुबह सूचना मिलने पर RPF जवान मौके पर पहुंचे और मृतक की पहचान उसके पहनावे—लाल शर्ट और जींस—से की गई।
घटना की पुष्टि होने के बाद रेलवे विभाग द्वारा स्थानीय प्रशासन को सूचित किया गया। इसके उपरांत पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेज दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular