
OLX पर बाइक बेचने के नाम पर बुलाकर मारपीट और बाइक छीनने का आरोप ।
रॉबर्ट्सगंज में युवक ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार, कहा– “जो करना है कर लो, बाइक नहीं मिलेगी।

सोनभद्र जिले के रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में OLX के माध्यम से बाइक बिक्री के नाम पर बुलाकर मारपीट और जबरन बाइक कब्जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक ने पुलिस अधीक्षक सोनभद्र को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
लोहरा निवासी अभिषेक पुत्र अमरनाथ लाल ने अपने शिकायती पत्र में बताया कि वह एक Pulsar N150 बाइक चला रहा था, जिसका नंबर UP64BA5673 है। उक्त बाइक को बजाज ऑटो क्रेडिट लिमिटेड (YARD) सलखन से नीलामी के माध्यम से खरीदा गया था। बाइक स्वामी हरिओम वर्मा के कहने पर अभिषेक ने बाइक बेचने के लिए OLX पर विज्ञापन डाला था।
पीड़ित के अनुसार 3 मई 2026 को एक व्यक्ति ने ग्राहक बनकर 8429834370 नंबर से संपर्क किया और 5 मई को बाइक दिखाने के लिए तिनतवाली बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचते ही गुड्डू केशरी और उसके 4-5 साथियों ने मिलकर अभिषेक के साथ धक्का-मुक्की की और जबरन बाइक की चाबी छीन ली।
अभिषेक का आरोप है कि गुड्डू केशरी ने खुलेआम धमकी देते हुए कहा कि “बाइक नहीं दूंगा, जो करना है कर लो।” पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार भ्रामक वीडियो बनाकर जनता और पुलिस प्रशासन को गुमराह किया जा रहा है, जिससे उसकी और प्रशासन की छवि खराब हो रही है।
पीड़ित ने बताया कि मामले की जानकारी पहले ही प्रशासन को दी जा चुकी है, बावजूद इसके अभी तक बाइक वापस नहीं मिली है। प्रार्थना पत्र में अभिषेक ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने तथा बाइक वापस दिलाने की मांग की है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर आरोप पर क्या कार्रवाई करता है।



