
महुली में अनियंत्रित कार की टक्कर से किशोर गंभीर रूप से घायल।
विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र विंढमगंज के ग्राम महुली में शनिवार देर रात एक सड़क दुर्घटना में 17 वर्षीय किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना रात लगभग 10:45 बजे की बताई जा रही है, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घायल युवक शिवम कुमार गुप्ता (17 वर्ष) पुत्र राजकुमार गुप्ता निवासी महुली है। बताया जाता है कि हुंडई कार संख्या UP64AX8466 का चालक वाहन चलाने का अभ्यास कर रहा था। इसी दौरान वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे मौजूद शिवम को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल को प्राथमिक सहायता प्रदान की। सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी भेजा गया, जहां उसका उपचार शुरू किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। ग्रामीणों ने बिना पर्याप्त प्रशिक्षण के सार्वजनिक मार्गों पर वाहन चलाने पर रोक लगाने तथा सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने की मांग की है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा दुर्घटना के कारणों और अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है।



