
दर्दनाक सड़क हादसा: मैजिक-टेंपो की भीषण टक्कर में 4 की मौत, डेढ़ दर्जन यात्री घायल।

बंशिधर नगर/गढ़वा जनपद के बंशीधर नगर क्षेत्र में रविवार दोपहर उस समय चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई, जब नगर ऊंटारी-भवनाथपुर मुख्य मार्ग पर दहेड़िया के समीप एक तेज रफ्तार मैजिक और टेंपो के बीच आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हो गई।
हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए और मौके पर कोहराम मच गया। दुर्घटना में डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें 9 की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं सदर अस्पताल गढ़वा रेफर के दौरान टेंपो पर सवार तीन यात्रियों तथा मैजिक चालक इंद्रजीत गुप्ता की मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केतार थाना क्षेत्र के छाताकुंड गांव से कई लोग टेंपो पर सवार होकर श्री बंशीधर नगर के कुंबा गांव निवासी बालरूप उरांव की पुत्री के छेका समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही मैजिक वाहन ने टेंपो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए घायलों को बाहर निकालना शुरू किया तथा तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीपीओ सत्येंद्र नारायण सिंह, पुलिस इंस्पेक्टर जितेंद्र कुमार आजाद, थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार एवं भाजपा नेता कन्हैया चौबे मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में जुट गए।

घायलों को तत्काल अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल इंद्रजीत कुमार गुप्ता, बिट्टू सिंह, संतोष चेरो, अवधेश उरांव, लालमोहन यादव, मुनिका कुमार, कमलेश यादव, टिंकू उरांव और अजय कुमार को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गढ़वा रेफर किया गया। वहीं लवकुश कुमार, अजय कुमार उरांव, आमोद सिंह, दीपक कुमार, अंकुश कुमार तथा यूपी के कोनमंडरा गांव निवासी शिवकुमार उरांव सहित अन्य घायलों का इलाज अनुमंडल अस्पताल में जारी है।

बताया जा रहा है कि हादसा लगभग सुबह 11 बजे हुआ। सदर अस्पताल ले जाते समय मैजिक चालक इंद्रजीत गुप्ता पुत्र उदय गुप्ता (उम्र लगभग 35 वर्ष) ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद गढ़वा पुलिस को सूचना देकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की गई तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।



