Homeबड़ी खबरेताजा खबरजर्जर 11000 हाई वोल्टेज लाइन बनी मौत का कारण, बकरी की मौत...

जर्जर 11000 हाई वोल्टेज लाइन बनी मौत का कारण, बकरी की मौत के बाद बिजली विभाग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

जर्जर 11000 हाई वोल्टेज लाइन बनी मौत का कारण, बकरी की मौत के बाद बिजली विभाग पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा


सोनभद्र जनपद के विकासखंड दुद्धि अंतर्गत ग्राम पंचायत घिवही के बैरियाखाड टोला में बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही सामने आई है। बुधवार 13 मई की शाम लगभग 7 बजे आए तेज आंधी-तूफान के दौरान जर्जर 11000 हाई वोल्टेज लाइन का तार टूटकर नीचे गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक बकरी की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है तथा बिजली विभाग के जेई और एसडीओ पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
घटना के संबंध में भिखारी यादव ने बताया कि बैरियाखाड टोला में लगा 11000 हाई वोल्टेज का तार और पोल काफी जर्जर हो चुका था। कई बार इसकी शिकायत बिजली विभाग से की गई थी, लेकिन विभाग ने कोई ध्यान नहीं दिया। उन्होंने बताया कि 13 मई की शाम लगभग 7 बजे तेज आंधी-तूफान आने के कारण जर्जर 11000 हाई वोल्टेज तार टूटकर गिर गया, जिसकी चपेट में आने से उनकी बकरी की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं स्थानीय निवासी ओम प्रकाश यादव पुत्र गिरधारी यादव सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि विभागीय लापरवाही के कारण आए दिन हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों के अनुसार जिस स्थान पर जर्जर हाई वोल्टेज लाइन लगी हुई है, उसी रास्ते से करीआ घुटरा स्थित प्राथमिक पाठशाला के छोटे-छोटे बच्चे और शिक्षक प्रतिदिन गुजरते हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र देकर जर्जर तार और पोल बदलने की मांग की गई थी, लेकिन केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया गया। अब जब एक बेजुबान जानवर की जान चली गई है, तब भी विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं दिखाई दे रही है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से तत्काल संज्ञान लेते हुए जर्जर 11000 हाई वोल्टेज तार और पोल की मरम्मत व बदलाव कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी जनहानि से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular