Homeबड़ी खबरेताजा खबरग्राम पंचायत घिवही में वर्षों से बजबजा रहा चापाकल, जल निकासी व्यवस्था...

ग्राम पंचायत घिवही में वर्षों से बजबजा रहा चापाकल, जल निकासी व्यवस्था ठप – ग्रामीण परेशान।

ग्राम पंचायत घिवही में वर्षों से बजबजा रहा चापाकल, जल निकासी व्यवस्था ठप – ग्रामीण परेशान।

दुद्धी/सोनभद्र।
विकासखंड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत घिवही निवासी खुशहाल ठाकुर पुत्र मंगल ठाकुर के घर के पास लगा चापाकल आज ग्रामीणों के लिए मुसीबत का सबब बन चुका है। वर्षों से इस चापाकल का पानी निकास की व्यवस्था न होने के कारण पानी सीधे गांव के रास्ते पर बह जाता है। परिणामस्वरूप गांव की मुख्य सड़क पर गड्ढे बन गए हैं और जगह-जगह कीचड़ जमने से राहगीरों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि इस दुर्दशा के कारण न केवल आने-जाने वालों को असुविधा हो रही है, बल्कि रास्ते से गुजरते समय दुर्गंध और गंदे पानी की बदबू से लोग बेहाल हो जाते हैं। वहीं, इस चापाकल का पानी पीने को लोग मजबूर हैं, जिससे स्वास्थ्य संबंधी खतरा भी मंडरा रहा है।

गांव के निवासी खुशहाल ठाकुर बताते हैं कि समस्या को लेकर उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से शिकायत की, लेकिन हर बार यह कहकर पल्ला झाड़ दिया जाता है कि “हमारे पास बजट नहीं है, इसलिए हम कोई व्यवस्था नहीं कर पाएंगे।”

ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम प्रधान और ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक नहीं पहुंच पा रहा है। नतीजा यह है कि हजारों की आबादी वाले इस क्षेत्र में लोग आज भी चापाकल से निकलने वाले गंदे और दुर्गंधयुक्त पानी पीने को मजबूर हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कराने और सड़क की मरम्मत करवाने की मांग की है, ताकि आमजन को इस समस्या से निजात मिल सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular