Homeबड़ी खबरेताजा खबरएक माह में समाधान नहीं तो आंदोलन तहसील दिवस में छात्रों व...

एक माह में समाधान नहीं तो आंदोलन तहसील दिवस में छात्रों व ग्रामीणों ने प्रशासन को दी चेतावनी।

एक माह में समाधान नहीं तो आंदोलन तहसील दिवस में छात्रों व ग्रामीणों ने प्रशासन को दी चेतावनी।

दुद्धी (सोनभद्र)। संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में शनिवार को भारती इंटरमीडिएट कॉलेज, विंढमगंज की बदहाल व्यवस्था का मुद्दा जोर-शोर से उठा। छात्रों, अभिभावकों एवं क्षेत्रीय नागरिकों ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपते हुए विद्यालय की जर्जर स्थिति, शिक्षकों की भारी कमी, निष्क्रिय प्रबंध समिति तथा विद्यालय की भूमि से जुड़े मामलों में तत्काल कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में बताया गया कि झारखंड सीमा से सटे आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्र का यह प्रमुख शिक्षण संस्थान कभी लगभग 2000 छात्र-छात्राओं की शिक्षा का केंद्र था, लेकिन वर्षों से उपेक्षा के कारण वर्तमान में छात्र संख्या घटकर लगभग 1000 रह गई है। आरोप लगाया गया कि पिछले 13 वर्षों से प्रबंध समिति की निष्क्रियता, विद्यालय प्रशासन की उदासीनता, जर्जर भवन और शिक्षकों के रिक्त पदों ने शिक्षा व्यवस्था को गंभीर संकट में डाल दिया है।
ग्रामीणों ने मांग की कि अंग्रेजी शिक्षक अमरसिंह त्रिपाठी एवं गणित शिक्षक चंदन प्रजापति के स्थानांतरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति की जाए। साथ ही प्रधानाचार्य, शिक्षकों एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के सभी खाली पदों को भरने, जर्जर भवन को ध्वस्त कर नया भवन बनाने, विद्यालय की भूमि एवं खेल मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने तथा पिछले 13 वर्षों के आय-व्यय की स्वतंत्र जांच कराने की भी मांग उठाई गई।
तहसील दिवस में सौंपे गए ज्ञापन में कॉलेज को राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज का दर्जा देने की भी मांग की गई, ताकि क्षेत्र के गरीब, ग्रामीण एवं आदिवासी विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा मिल सके।
ज्ञापन सौंपने वालों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक माह के भीतर उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्र, अभिभावक और क्षेत्रवासी शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक तरीके से धरना-प्रदर्शन और अनशन करने को बाध्य होंगे।
तहसील दिवस में उठे इस गंभीर मुद्दे के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें जिला प्रशासन पर टिकी हैं कि विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े इस मामले में कितनी जल्द और प्रभावी कार्रवाई की जाती है।

RELATED ARTICLES

Most Popular