Homeबड़ी खबरेताजा खबरआदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में अभाविप का सदस्यता अभियान सम्पन्न, छात्रों ने लिया...

आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में अभाविप का सदस्यता अभियान सम्पन्न, छात्रों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प।

आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज में अभाविप का सदस्यता अभियान सम्पन्न, छात्रों ने लिया राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प


विंढमगंज (सोनभद्र)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) दुद्धी जिला इकाई द्वारा शनिवार को आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, विंढमगंज में सदस्यता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अभाविप की सदस्यता ग्रहण की तथा राष्ट्र निर्माण, सामाजिक दायित्व और छात्र हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि “युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक ताकत है। विद्यार्थी परिषद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक चेतना और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का कार्य करती है।” उन्होंने कहा कि अभाविप केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित एक सशक्त मंच है।
इस दौरान विद्यार्थियों को संगठन की कार्यप्रणाली, उद्देश्य एवं शिक्षा, समाज और राष्ट्रहित में संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने “शिक्षा जीवन के लिए, जीवन वतन के लिए” के मूल मंत्र को अपनाने का आह्वान करते हुए विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ समाज और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करने की अपील की।
अभियान का नेतृत्व जिला संयोजक अमन कुमार जायसवाल ने किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र का भविष्य जागरूक, शिक्षित और संस्कारित युवाओं के हाथों में है। अभाविप का लक्ष्य प्रत्येक विद्यार्थी में “राष्ट्र प्रथम” की भावना का विकास करना तथा उन्हें समाज सेवा के लिए प्रेरित करना है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार कन्नौजिया ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि छात्र जीवन में अनुशासन, संस्कार, नैतिक मूल्य और सामाजिक सहभागिता का विशेष महत्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से सकारात्मक सोच के साथ शिक्षा प्राप्त कर देश और समाज के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में अभाविप के पदाधिकारी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सदस्यता अभियान के दौरान विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखने को मिला और उन्होंने राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता एवं छात्र हितों के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular