
लगातार बारिश से विंढमगंज में दो कच्चे मकान धराशायी, परिवार बाल-बाल बचा।

विंढमगंज सोनभद्र/विंढमगंज थाना क्षेत्र में कई दिनों से हो रही लगातार बारिश के बीच कच्चे मकानों के गिरने का सिलसिला शुरू हो गया है। बुटवेढ़वा गांव में अलग-अलग स्थानों पर दो कच्चे मकान बारिश के कारण अचानक धराशायी हो गए। हालांकि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान और उसमें रखा घरेलू सामान क्षतिग्रस्त होने से पीड़ित परिवारों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
जानकारी के अनुसार बुटवेढ़वा निवासी संजय कुमार पुत्र जोखू राम का कच्चा मकान लगातार बारिश के कारण अचानक गिर गया। मकान में परिवार की आवश्यक सामग्री रखी हुई थी। छत और दीवारें गिरने से सामान क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के बाद परिवार के सामने सामान को सुरक्षित रखने और रहने की समस्या खड़ी हो गई है।
इसी गांव में ऐनुल सिद्दीकी पुत्र निजामुद्दीन सिद्दीकी का कच्चा मकान भी बारिश के चलते रात में भरभराकर गिर गया। बताया गया कि इसी कमरे में ऐनुल सिद्दीकी के माता-पिता रहते थे। मकान की जर्जर स्थिति को देखते हुए उन्हें पहले ही अनहोनी की आशंका हो गई थी। खतरे को भांपते हुए वे कमरे से निकलकर अपने पुत्र के यहां चले गए। उनके बाहर निकलने के कुछ समय बाद ही मकान अचानक गिर गया। समय रहते परिवार के बाहर चले जाने से बड़ा हादसा टल गया।
लगातार बारिश से कच्चे मकानों के कमजोर होने के कारण ग्रामीणों में भय का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि बारिश इसी तरह जारी रही तो अन्य जर्जर मकानों पर भी खतरा मंडरा सकता है।
पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लेने, आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तथा पात्रता के आधार पर सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।



