Homeबड़ी खबरेताजा खबरशादी समारोह में मासूम की संदिग्ध मौत से सनसनी।

शादी समारोह में मासूम की संदिग्ध मौत से सनसनी।


शादी समारोह में मासूम की संदिग्ध मौत से सनसनी।


सौतेली मां, नाना-नानी पर हत्या का आरोप, न्याय की मांग को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश।


सोनभद्र जिले के बभनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अहिरबुड़वा मनरुटोला में एक मासूम बच्चे की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। मृतक मासूम जीनू भारती की मौत को लेकर परिजनों ने उसकी सौतेली मां, सौतेले नाना और सौतेली नानी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग उठ रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम अहिरबुड़वा मनरुटोला निवासी रामवृक्ष उर्फ लवकुश भारती ने अपनी बड़ी पुत्री उमा भारती की शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व ग्राम केवाल विंढमगंज निवासी सुनील भारती से की थी। प्रसव के दौरान उमा भारती की मौत हो गई थी, जिसके बाद जन्मे मासूम जीनू भारती का पालन-पोषण उसके बुआ के यहां रॉबर्ट्सगंज में हो रहा था। बाद में सुनील भारती ने झारखंड के मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तेनार निवासी पिंकी देवी से दूसरी शादी कर ली थी।
परिजनों का आरोप है कि सौतेली मां पिंकी देवी, सौतेले नाना लाल जी पुत्र बनवारी राम तथा सौतेली नानी लालती देवी पत्नी लाल जी निवासी ग्राम तेनार थाना मेराल जनपद गढ़वा, झारखंड शादी समारोह में पहले से योजना बनाकर पहुंचे थे।
मृतक के सगे नाना रामवृक्ष उर्फ लवकुश भारती ने बताया कि उनके यहां शादी मंडप का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान मासूम जीनू भारती अचानक घर से गायब हो गया। कार्यक्रम में आए मेहमानों और परिजनों ने बच्चे की खोजबीन शुरू की। इसी बीच आरोपित सौतेली मां, नाना और नानी अचानक बाइक स्टार्ट कर वहां से जाने की तैयारी करने लगे, जिससे परिवार वालों को शक हुआ।
रामवृक्ष भारती ने बताया कि रात्रि लगभग 10:45 बजे डायल 112 पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और खोजबीन के दौरान घर से लगभग 150 मीटर दूर स्थित पक्के कुएं से मासूम जीनू भारती को बाहर निकाला गया। आनन-फानन में बच्चे को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बभनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने बभनी थाने में नामजद तहरीर देकर सौतेली मां, सौतेले नाना और सौतेली नानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है। वहीं बभनी थाना प्रभारी ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया है तथा आश्वासन दिया है कि मासूम जीनू भारती को न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय विधायक और सांसद से इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular