
वैश्विक युद्ध का असर विंढमगंज में: कई पेट्रोल पंपों पर खत्म हुआ डीजल-पेट्रोल, लोग बेहाल।
विंढमगंज (सोनभद्र)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार स्थित नेशनल हाईवे एनएच-39 पर बने अनिता पेट्रोल पंप सहित कोलिन्डुबा के श्री राम फिलिंग पेट्रोल पंप और घिवही के वासुदेव पेट्रोल पंप पर आज डीजल और पेट्रोल की भारी किल्लत देखने को मिली। सुबह से ही ईंधन लेने पहुंचे लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक इजराइल-गाजा और रूस-यूक्रेन के बीच जारी युद्ध का असर अब ग्रामीण इलाकों तक पहुंच गया है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित होने से पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता में कमी आई है, जिसका सीधा असर विंढमगंज क्षेत्र में दिखाई दे रहा है।
तीनों प्रमुख पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं, लेकिन कुछ ही समय में ईंधन समाप्त हो गया। इससे दैनिक यात्री, किसान, व्यापारी और स्कूली बच्चों के अभिभावकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालकों को बीच रास्ते से ही लौटना पड़ा।
पेट्रोल पंप संचालकों ने बताया कि सप्लाई में अचानक आई कमी के चलते यह स्थिति उत्पन्न हुई है और जैसे ही नई खेप पहुंचेगी, वितरण शुरू कर दिया जाएगा। वहीं प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है।
ग्रामीणों ने सरकार से जल्द से जल्द ईंधन आपूर्ति बहाल करने की मांग की है, ताकि आम जनजीवन फिर से सामान्य हो सके।



