
खबर का असर: भारत दृष्टि लाइव की पहल पर हटाया गया खतरनाक सरिया, राहगीरों को मिली राहत।

विंढमगंज (सोनभद्र)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोन–विंढमगंज मार्ग पर अंडरग्राउंड निर्माण स्थल के पास सड़क से ऊपर निकला हुआ 20 एमएम का सरिया आखिरकार हटा दिया गया। यह सरिया राहगीरों और वाहन चालकों के लिए लगातार खतरा बना हुआ था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।
गौरतलब है कि इस गंभीर समस्या को लेकर रविवार को भारत दृष्टि लाइव न्यूज द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रसारित होते ही संबंधित विभाग और ठेकेदार हरकत में आए और तत्काल कार्रवाई करते हुए उक्त सरिया को गैस कटर की मदद से काटकर पूरी तरह हटा दिया गया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले इस मार्ग से गुजरना बेहद जोखिम भरा था। सड़क के बीचों-बीच निकला सरिया वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का कारण बन सकता था, खासकर रात के समय यह और भी खतरनाक साबित हो रहा था। लेकिन अब सरिया हट जाने से राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने भारत दृष्टि लाइव न्यूज की सराहना की है, जिन्होंने जनहित से जुड़ी इस समस्या को प्रमुखता से उठाया। साथ ही ठेकेदार द्वारा समय रहते कार्रवाई किए जाने को भी सकारात्मक कदम बताया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि इसी तरह मीडिया और प्रशासन सक्रिय रहे, तो क्षेत्र की अन्य समस्याओं का भी जल्द समाधान संभव है। फिलहाल इस खतरे के टलने से आम जनमानस ने राहत की सांस ली है।



