
सोनभद्र में खाद घोटाले पर बड़ा एक्शन:
विंढमगंज सचिव सस्पेंड, 13 पर लटकी कार्रवाई की तलवार।
विंढमगंज/सोनभद्र: उर्वरक वितरण में अनियमितता और फर्जी ट्रांजेक्शन के आरोपों पर प्रशासन ने कड़ा कदम उठाते हुए विंढमगंज क्षेत्र के बीपैक्स सचिव दीपनारायण को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई रबी अभियान के दौरान सामने आई गड़बड़ियों के बाद की गई है, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सोनभद्र देवेंद्र कुमार सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान कुछ समितियों में पीओएस मशीन के माध्यम से फर्जी लेनदेन पाए गए। मामले को गंभीर मानते हुए सलैयाडिह ग्राम पंचायत स्थित बीपैक्स विंढमगंज के सचिव दीपनारायण पर अनियमितता और कालाबाजारी के आरोप में तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है।
उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में केवल एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि अन्य स्थानों पर भी गड़बड़ियों के संकेत मिले हैं। इसी क्रम में शाहगंज, चोपन, अरौली, शिवपुर, रामपुर गयारतवल, रामपुरी समेत कुल 13 सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। यदि जवाब संतोषजनक नहीं मिला तो संबंधितों के खिलाफ अनुशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारी ने साफ कहा कि उर्वरक वितरण में पारदर्शिता और ईमानदारी सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही संबंधित एडीसीओ और एडीओ को पूरे मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस सख्त कार्रवाई से विभाग में खलबली मच गई है और अन्य समितियों में भी जांच का दायरा बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।



