
सलैयाडीह में 7 मार्च को लगेगा विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर, मोतियाबिंद मरीजों को ऑपरेशन की सुविधा
विंढमगंज (सोनभद्र)।
क्षेत्र के ग्राम पंचायत भवन सलैयाडीह में 7 मार्च 2026 को विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर श्री सद्गुरु सेवा संघ ट्रस्ट, जानकीकुंड चित्रकूट (मध्य प्रदेश) के तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक निर्धारित किया गया है।
आयोजकों के अनुसार शिविर में आंखों से संबंधित विभिन्न बीमारियों की जांच विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा की जाएगी। जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई जाएगी, उन्हें उसी दिन चित्रकूट रेफर कर निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी। ऑपरेशन के लिए मरीजों को आधार कार्ड की फोटो कॉपी लाना अनिवार्य होगा तथा उनके साथ घर के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर होना भी जरूरी बताया गया है।
आयोजकों ने बताया कि निःशुल्क ऑपरेशन के एक माह बाद फॉलोअप के दौरान मरीजों को निःशुल्क चश्मा भी प्रदान किया जाएगा। वहीं नेत्र परीक्षण के दौरान जरूरतमंद लोगों को रियायती दर पर चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। शिविर के दौरान सामाजिक दूरी और अन्य आवश्यक नियमों का पालन करना भी अनिवार्य रहेगा।
उत्तर प्रदेश के मरीजों को आयुष्मान कार्ड के माध्यम से मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम के संयोजन में श्रीमती सीमा सिंह ‘प्रधान’, अभिषेक प्रताप सिंह, हुलास राम यादव और रामदास कुशवाहा सहित गायत्री परिवार के सदस्य सहयोग करेंगे।
आयोजकों ने क्षेत्र के अधिक से अधिक लोगों से शिविर में पहुंचकर अपनी आंखों की जांच कराने और इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है। 👁️👁️



