Homeबड़ी खबरेताजा खबरसूरत में हंगामे के बीच केवाल के युवक की मौत, होली से...

सूरत में हंगामे के बीच केवाल के युवक की मौत, होली से पहले गांव में पसरा मातम; छह ग्रामीणों की गिरफ्तारी से आक्रोश।

सूरत में हंगामे के बीच केवाल के युवक की मौत, होली से पहले गांव में पसरा मातम; छह ग्रामीणों की गिरफ्तारी से आक्रोश।


सोनभद्र जनपद के विण्ढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत केवाल निवासी 20 वर्षीय बालकृष्ण गोड़ पुत्र गौरीशंकर गोड़ की गुजरात के सूरत में हुई मौत की खबर से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। होली जैसे खुशियों के पर्व से ठीक पहले आई इस दुखद सूचना ने केवाल गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।


परिजनों के अनुसार बालकृष्ण करीब तीन माह पूर्व रोजी-रोटी की तलाश में सूरत गया था, जहां वह एक प्लांट में मजदूरी करता था। बताया जा रहा है कि 26 फरवरी 2026 की शाम लगभग 5 बजे मजदूरी के भुगतान को लेकर मजदूर हड़ताल पर बैठे थे। इसी दौरान मजदूरों और प्रशासन के बीच कहासुनी के बाद जोरदार हंगामा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अफरा-तफरी के बीच बालकृष्ण गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
1 मार्च को पोस्टमार्टम के बाद जब बालकृष्ण का पार्थिव शरीर सूरत से गांव लाया गया, तो दोपहर लगभग 3 बजे शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। होली की तैयारियों में जुटा गांव पल भर में मातम में बदल गया। घर-परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और हर आंख नम दिखाई दी।
कंपनी की ओर से ग्राम प्रधान दिनेश कुमार यादव को आश्वासन दिया गया है कि आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने पर नियमानुसार मुआवजा मृतक के उत्तराधिकारी को दिया जाएगा। ग्राम प्रधान ने कहा कि वह हर सुख-दुख में परिवार के साथ खड़े रहेंगे और हर संभव सहयोग करेंगे।
इस बीच केवाल गांव निवासी प्रेमचंद सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान गांव के छह अन्य मजदूरों के साथ मारपीट की गई और उन्हें पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया, जबकि वास्तविक दोषियों को छोड़ दिया गया। उन्होंने मांग की कि बंद ग्रामीणों को रिहा कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, अन्यथा कंपनी और सरकार से न्याय की मांग को लेकर आगे कदम उठाए जाएंगे।
ग्राम पंचायत केवाल के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में बालकृष्ण गोड़ का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से किया गया। पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है।

सोनभद्र से जितेन्द्र प्रसाद की रिपोर्ट।

RELATED ARTICLES

Most Popular