
दुद्धी सीएचसी परिसर में खड़ी कार में लगी भीषण आग, 70 प्रतिशत तक जली स्क्रिप्ट कार।
दुद्धी, सोनभद्र/दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। आग की चपेट में स्टाफ नर्स सरोज खान की लाल रंग की नई स्क्रिप्ट कार आ गई, जो लगभग 70 प्रतिशत तक जलकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि कार के पास खड़ी ओमनी एंबुलेंस भी आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हो गई। उस समय अस्पताल परिसर में मौजूद मरीजों और एंबुलेंस कर्मियों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को जगाया, जिससे लोग दहशत में आ गए। आनन-फानन में आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। आग लगने की सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में कार से खुद-ब-खुद आग की लपटें उठती हुई दिखाई दे रही हैं, जिससे शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
घटना के बाद से दुद्धी सीएचसी परिसर में चर्चा का माहौल बना हुआ है और अस्पताल परिसर में वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
दुद्धी, सोनभद्र से — जितेन्द्र प्रसाद
अपने शहर और गांव की हर छोटी-बड़ी खबर सुनने और देखने के लिए भारत दृष्टि लाइव न्यूज चैनल से जुड़े रहें। खबर अच्छी लगे तो लाइक और शेयर जरूर करें।



