Homeबड़ी खबरेताजा खबरएनएच-39 से मालिया नदी तक पीसीसी सड़क निर्माण में खुला भ्रष्टाचार का...

एनएच-39 से मालिया नदी तक पीसीसी सड़क निर्माण में खुला भ्रष्टाचार का खेल! घटिया मटेरियल, घटाई गई चौड़ाई, पीडब्ल्यूडी की चुप्पी पर सवाल।

एनएच-39 से मालिया नदी तक पीसीसी सड़क निर्माण में खुला भ्रष्टाचार का खेल! घटिया मटेरियल, घटाई गई चौड़ाई, पीडब्ल्यूडी की चुप्पी पर सवाल

विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे एनएच-39 से मुडिसेमर होते हुए मालिया नदी तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य शुरू किया गया है, लेकिन यह निर्माण क्षेत्रीय विकास का उदाहरण बनने के बजाय भ्रष्टाचार और लापरवाही की तस्वीर पेश कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री का प्रयोग नहीं किया जा रहा, जिससे नई सड़क बनते ही उसकी हालत खराब होती नजर आ रही है।
ग्रामीणों के अनुसार, पुराने पिच रोड को तोड़कर उसके काले, टूटे-फूटे टुकड़ों को उसी सड़क पर फैला दिया गया है और उसके ऊपर केवल नाम मात्र की सोलिंग डालकर पीसीसी सड़क बिछाने की औपचारिकता पूरी की जा रही है। यह तरीका पूरी तरह से तकनीकी मानकों के खिलाफ है और सड़क की मजबूती पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
सबसे गंभीर मामला सड़क की चौड़ाई को लेकर है।
पहले प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत लगभग 12 फीट चौड़ाई में बनाई गई थी, लेकिन अब उसी मार्ग पर मात्र 7 से 8 फीट चौड़ाई में सोलिंग बिछाई जा रही है। इससे भारी वाहनों की आवाजाही में दिक्कतें होंगी और दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ेगी।
यह सड़क लगभग 20 गांवों को जोड़ती है और छत्तीसगढ़ तथा मध्य प्रदेश को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण मार्ग है। ऐसे में इस सड़क का मजबूत और गुणवत्तापूर्ण निर्माण क्षेत्र के विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। लेकिन ठेकेदार और कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मिलीभगत के कारण यह सड़क सुविधा के बजाय भविष्य की परेशानी बनती जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने पीडब्ल्यूडी के उच्च अधिकारियों और जिला प्रशासन से मांग की है कि निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दोषी ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई हो और सड़क का निर्माण पूरी चौड़ाई व मानकों के अनुसार कराया जाए, ताकि जनता को सुरक्षित और टिकाऊ सड़क मिल सके।
विण्ढमगंज, सोनभद्र से — जितेंद्र प्रसाद
अपने शहर की छोटी-बड़ी हर खबर के लिए जुड़े रहिए भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ चैनल से।
खबर पसंद आए तो लाइक, शेयर और कमेंट ज़रूर करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular