Homeबड़ी खबरेताजा खबरप्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर शव आम के पेड़ से लटकाया,...

प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर शव आम के पेड़ से लटकाया, विण्ढमगंज पुलिस ने आरोपी को दबोचा।

प्रेम संबंध बना मौत की वजह: प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर शव आम के पेड़ से लटकाया, विण्ढमगंज पुलिस ने आरोपी को दबोचा

विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार के चक्र पथली टोला में प्रेम संबंधों से जुड़ा एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है। आरोप है कि प्रेम जाल में फंसाकर एक युवक ने अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और जुर्म छिपाने के इरादे से शव को आम के पेड़ से लटकाकर फरार हो गया। यह हृदयविदारक घटना 15 जनवरी 2026 की रात लगभग 11 बजे की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी ने तत्काल विण्ढमगंज थाने को सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों व ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की मौजूदगी में शव को आम के पेड़ से उतरवाया गया। कुछ घंटे बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंचे। उनके पहुंचने के बाद, दर्जनों ग्रामीणों और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि की उपस्थिति में पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु दुद्धि मर्चरी हाउस भेज दिया।
16 जनवरी 2026 को मृतका ललिता देवी के पति अमरेश पनिका जब घर लौटे, तो उनके लगभग 9 वर्षीय पुत्र अमित कुमार ने अपने मुखारविंद से पूरी घटना का विवरण सुनाया। बच्चे की बात सुनते ही अमरेश पनिका स्तब्ध रह गए और तत्काल विण्ढमगंज प्रशासन को लिखित प्रार्थना पत्र देकर हत्या का आरोप बबलू उर्फ खरभूलन शर्मा पुत्र किशन शर्मा पर लगाया।
प्रार्थना पत्र मिलते ही विण्ढमगंज थाने के उप निरीक्षक शेषनारायण पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर मौके का गहन निरीक्षण व तलाशी ली। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जाने लगी।
लगातार प्रयासों के बाद 18 जनवरी 2025 की शाम करीब 6 बजे, विण्ढमगंज बस स्टैंड पर ननिहाल जाने की तैयारी कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर धर दबोचा। पुलिस प्रशासन ने विधिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या), 238 (सबूत मिटाने का प्रयास), 352 (मारपीट) तथा SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
यह घटना प्रेम संबंधों की आड़ में पनप रही आपराधिक मानसिकता पर गंभीर सवाल खड़े करती है और पूरे क्षेत्र में भय व आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम सजा की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular