
महुली में 78वें राजा बरियार शाह फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, सिंगरौली ने वाराणसी टाइगर्स को 4–1 से हराया।

महुली क्षेत्र में राजा बरियार शाह फुटबॉल कमेटी द्वारा आयोजित 78वें फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि अजय कुमार रजक एवं विशिष्ट अतिथि संजय कुमार धुर्वे ने फीता काटकर तथा राजा बरियार शाह का ध्वज फहराकर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया। इस आयोजन से क्षेत्र के खेलप्रेमियों और युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि अजय कुमार रजक ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण युवाओं में अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने राजा बरियार शाह की स्मृति में आयोजित इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट की सराहना करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता दुद्धी क्षेत्र की खेल परंपरा को मजबूती प्रदान कर रही है।

वहीं विशिष्ट अतिथि संजय कुमार धुर्वे ने युवाओं से पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि खेल केवल शारीरिक फिटनेस ही नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने की भी प्रेरणा देता है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला वाराणसी टाइगर्स कमेटी सारनाथ (वाराणसी) और विंध्याचल सोसायटी क्लब सिंगरौली के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में सिंगरौली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वाराणसी टाइगर्स को 4–1 से पराजित किया।
मैच के 10वें मिनट में सिंगरौली के खिलाड़ी सिवम ने पहला गोल कर बढ़त बनाई। 17वें मिनट में दूसरा गोल कर स्कोर 2–0 कर दिया गया। 42वें मिनट में अनिष ने तीसरा गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। 45वें मिनट में वाराणसी टाइगर्स के राजा ने एक गोल कर स्कोर 3–1 किया।
दूसरे हाफ के 48वें मिनट में सिंगरौली के अविनाश ने चौथा गोल कर मुकाबले को पूरी तरह एकतरफा बना दिया।
मैच में रेफरी दीपक कुमार सिंह, लाइनमैन राजनाथ गोस्वामी एवं राजकपूर कनौजिया ने निर्णायक भूमिका निभाई। इस अवसर पर अरविंद जायसवाल, वीरेंद्र कुमार कनौजिया, पंकज गोस्वामी, खेल प्रभारी दिलीप कनौजिया, रमिज आलम, विवेक कनौजिया, अमित कुमार कनौजिया सहित सैकड़ों खेलप्रेमी मौजूद रहे।



