Homeबड़ी खबरेताजा खबरविण्ढमगंज के काली मंदिर के पास वर्षों से खराब चापाकल बना प्यास...

विण्ढमगंज के काली मंदिर के पास वर्षों से खराब चापाकल बना प्यास का कारण, दर्जनों गांवों के लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

विण्ढमगंज के काली मंदिर के पास वर्षों से खराब चापाकल बना प्यास का कारण, दर्जनों गांवों के लोगों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

विण्ढमगंज कस्बे के काली मंदिर के पास स्थित सार्वजनिक चापाकल पिछले कई वर्षों से खराब पड़ा है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का इस ओर कोई ठोस ध्यान नहीं गया। यह वही स्थान है, जहां टेंपो स्टैंड बना हुआ है और जहां से दर्जनों गांवों के ग्रामीण प्रतिदिन विण्ढमगंज बाजार में खरीदारी के लिए आते-जाते हैं। बाजार से लौटते समय यात्रियों और ग्रामीणों को पानी पीने के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों का कहना है कि काली मंदिर के पास बना यह चापाकल वर्षों से खराब है। पानी न मिलने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को दूर-दराज जाकर अपनी प्यास बुझानी पड़ती है। गर्मी, ठंड और बरसात—हर मौसम में यही स्थिति बनी रहती है। इसी स्थान पर शासन द्वारा निर्मित सामाजिक कल्याण मंडप भी मौजूद है, जहां स्थानीय और बाहर से आने वाले लोग हिंदू रीति-रिवाज के अनुसार वैवाहिक कार्यक्रम एवं अन्य सामाजिक आयोजन करते हैं, लेकिन कार्यक्रमों के दौरान भी पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है।
ग्रामीणों ने बताया कि चापाकल खराब होने के बाद कई बार संबंधित जनप्रतिनिधियों, ब्लॉक और जिला स्तर के अधिकारियों को पत्राचार एवं सोशल मीडिया के माध्यम से अवगत कराया गया, लेकिन आज तक मरम्मत का कार्य शुरू नहीं हुआ। वर्तमान में इस चापाकल को बांस-बल्ली से घेर दिया गया है, ताकि कोई इसका उपयोग न कर सके, जो प्रशासन की उदासीनता को साफ दर्शाता है।
दर्जनों गांवों के यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द बांस-बल्ली हटाकर चापाकल की मरम्मत नहीं कराई गई और पानी की समुचित व्यवस्था नहीं हुई, तो वे इसी स्थान पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल चुनाव के समय वोट मांगने आते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर जनहित के कार्य दिखाई नहीं देते।
अब देखना यह है कि दुद्धी ब्लॉक के अधिकारी और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या पर कब तक चुप्पी साधे रहते हैं, या फिर जनता के दबाव में आकर चापाकल को पुनः चालू कराने की दिशा में ठोस कदम उठाते हैं।

विण्ढमगंज, सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद।
हर छोटी-बड़ी खबर देखने और जानने के लिए जुड़े रहिए—भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ चैनल के साथ।

RELATED ARTICLES

Most Popular