
- दुद्धी ने खोया अपना जननायक: 8 बार विधायक रहे विजय सिंह गौड़ का निधन, शोक में डूबा पूरा क्षेत्र।
दुद्धी विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के लोकप्रिय विधायक माननीय विजय सिंह गौड़ का 71 वर्ष की आयु में निधन हो गया। वे लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही दुद्धी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। आमजन से लेकर राजनीतिक कार्यकर्ताओं तक हर कोई इस अपूरणीय क्षति से स्तब्ध है।
माननीय विजय सिंह गौड़ को क्षेत्र में एक जमीन से जुड़े, संघर्षशील और सादगीपूर्ण नेता के रूप में जाना जाता था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन में आठ बार दुद्धी विधानसभा का प्रतिनिधित्व किया और हर बार जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास किया। गरीबों, आदिवासियों, किसानों और मजदूरों की समस्याओं को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाना उनकी पहचान रही। उनके दरवाजे आम लोगों के लिए हमेशा खुले रहते थे, यही कारण था कि वे जननायक के रूप में स्थापित हुए।
समाजवादी पार्टी के विधानसभा अध्यक्ष अवध नारायण यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शुक्रवार को दुद्धी नगर स्थित कनहर नदी और ठेमा नदी के संगम तट पर किया जाएगा। इसके पूर्व उनका पार्थिव शरीर डीसीएफ कॉलोनी स्थित गोंडवाना भवन में लाया जाएगा, जहां आमजन, पार्टी कार्यकर्ता और शुभचिंतक उन्हें अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
विजय सिंह गौड़ के निधन पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों ने गहरा शोक व्यक्त किया है। सभी ने उन्हें एक ईमानदार, निडर और जनता के लिए समर्पित नेता बताया। उनके योगदान को याद करते हुए लोगों का कहना है कि दुद्धी विधानसभा को उन्होंने हमेशा अपनी कर्मभूमि माना और विकास तथा सामाजिक न्याय के लिए लगातार संघर्ष किया।
आज दुद्धी ने अपना एक सच्चा सेवक खो दिया है। माननीय विजय सिंह गौड़ की स्मृतियां और उनका संघर्षशील जीवन क्षेत्रवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत बना रहेगा।



