
छठ विसर्जन के बाद हरनाकछार में कार और बाइक की जोरदार टक्कर।
बाइक चालक गंभीर रूप से घायल, पिता ने लगाई न्याय की गुहार

विण्ढमगंज (सोनभद्र):
स्थानीय थाना क्षेत्र विण्ढमगंज के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार में छठ महापर्व के विसर्जन के लगभग चार घंटे बाद एक कार और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संतोष यादव पुत्र नंदकिशोर यादव निवासी हरनाकछार, छठ पूजा स्थल श्री मालेश्वर महादेव मंदिर से अपने घर लौट रहे थे। वे बाइक संख्या UP64 S 8714 से जा रहे थे। जैसे ही वे हरनाकछार मेन रोड पर पहुंचे, विण्ढमगंज की ओर से आ रही डिज़ायर कार (संख्या UP64 AX 5190) से उनकी जोरदार टक्कर हो गई।

हादसे में संतोष यादव को पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। टक्कर के बाद वे बेहोश होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद कार चालक सूरज कुमार ने मानवीयता दिखाते हुए घायल युवक को अपने निजी वाहन से विण्ढमगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
वहाँ मौजूद डॉ. सत्येंद्र ने प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति गंभीर देखते हुए घायल युवक को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों और कार मालिक ने मिलकर उसे दुद्धि हॉस्पिटल में भर्ती कराया, जहाँ इलाज जारी है।
इस संबंध में घायल युवक के पिता नंदकिशोर यादव पुत्र स्वर्गीय बोधा यादव ने विण्ढमगंज थाना प्रभारी को एक लिखित प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है। उन्होंने कहा —
मेरा बेटा ही मेरे जीवन का सहारा है। इस दुर्घटना के कारण उसकी हालत गंभीर है। हमारे परिवार की आजीविका ठप पड़ गई है। मैं प्रशासन से निवेदन करता हूँ कि हमें न्याय मिले ताकि हमारा जीवन फिर से पटरी पर लौट सके।”
हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य हो गई।
रिपोर्ट – जितेन्द्र प्रसाद, भारत दृष्टि लाइव न्यूज़, सोनभद्र।



