Homeबड़ी खबरेताजा खबर32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर की मौत, तीन...

32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर की मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया।

हरनाकछार में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, तीन मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया।

विण्ढमगंज सोनभद्र/विकासखंड विधि के अंतर्गत ग्राम पंचायत हरनाकछार के चर्क पथली टोला में शुक्रवार सुबह एक 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में आम के पेड़ से लटका मिला शव मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतका की पहचान ललिता देवी पत्नी अमरीश पनीका के रूप में की गई है। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों की भारी भीड़ घटनास्थल के आसपास जुट गई।
परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर पर केवल दो महिलाएं मौजूद थीं, जो आपस में सगी बहनें बताई जा रही हैं। घर में उस वक्त कोई भी पुरुष सदस्य मौजूद नहीं था। ललिता देवी अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं, जिनमें एक पुत्र और दो पुत्रियां शामिल हैं। मां की अचानक हुई मौत से बच्चों की स्थिति को लेकर गांव में गहरी चिंता और संवेदना व्यक्त की जा रही है।


सुबह लगभग 7 बजे ग्राम प्रधान को घटना की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी मौके पर पहुंचे और स्थानीय प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद विण्ढमगंज प्रशासन और पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू करते हुए शव को अपने कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई की।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मृतका के मायके पक्ष को सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है, ताकि मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।
इस घटना के बाद चर्क पथली टोला सहित आसपास के गांवों में शोक का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि ललिता देवी एक शांत स्वभाव की महिला थीं। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिया गया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular