Homeबड़ी खबरेताजा खबरसोनभद्र: नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास पर पुलिस की सुस्ती पर सवाल,...

सोनभद्र: नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास पर पुलिस की सुस्ती पर सवाल, खौफ के साये में पीड़ित परिवार, आरोपी खुलेआम दे रहा धमकी।

सोनभद्र। जिले के चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा गांव में एक नाबालिग लड़की के साथ अश्लील हरकत और दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद एफआईआर दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक कोई ठोस कार्रवाई न किए जाने से पीड़ित परिवार में गहरा आक्रोश है और वे दहशत के साये में जीने को मजबूर हैं।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, विंढमगंज थाना क्षेत्र के बुटवेढवा गांव निवासी आरोपी संजय पासवान (पुत्र स्व. गोविन्द) ने पीड़िता की मां को शादी का झांसा दिया और विश्वास में लेकर उन्हें अपने साथ ले गया। आरोपी मां और बेटी को लेकर चोपन थाना क्षेत्र के गुरमुरा गांव पहुंचा। आरोप है कि वहां संजय की नियत खराब हो गई और उसने नाबालिग को अपनी हवस का शिकार बनाने की कोशिश की। आरोपी ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकत करते हुए उसके कपड़े उतारने का प्रयास किया और जबरन दुष्कर्म पर उतारू हो गया। गनीमत रही कि मौके पर पीड़िता की मां पहुंच गई और उसने किसी तरह अपनी बेटी को दरिंदे के चंगुल से बचाया।

पुलिस की भूमिका पर सवाल
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने चोपन थाने में लिखित तहरीर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपराध संख्या 322/2025 तो दर्ज कर लिया, लेकिन इसके बाद कार्रवाई की रफ्तार थम गई। परिजनों का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने मामले की प्रभावी जांच नहीं की और न ही आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की इस उदासीनता को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है।

हाईकोर्ट की याचिका की आड़ में धमकियां
पीड़िता की मां का कहना है कि पुलिस की ढिलाई का फायदा उठाकर आरोपी संजय पासवान बेखौफ घूम रहा है। उसने उच्च न्यायालय में एक याचिका (संख्या 22371/2025) दाखिल की है, जिसे ढाल बनाकर वह पीड़ित परिवार को लगातार धमका रहा है। आरोपी की धमकी है कि, “जो करना हो करो, मेरा कुछ नहीं बिगड़ेगा, मैं तुम्हारे साथ बुरा करके ही रहूंगा।”

न्याय की गुहार
आरोपी की धमकियों से डरी-सहमी पीड़िता और उसकी मां ने जिले के उच्चाधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने एफआईआर की प्रति, हाईकोर्ट की याचिका और अन्य दस्तावेज अधिकारियों को सौंपते हुए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि उनकी जान-माल की रक्षा हो सके। वहीं, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नाबालिग के साथ ऐसी घिनौनी हरकत करने वाले के खिलाफ पुलिस की नरमी समझ से परे है। लोगों ने जिला प्रशासन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular