
एनएच-39 पर भीषण हादसा: बाइक और टिप्पर की जोरदार टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल।
विंढमगंज/सोनभद्र। राष्ट्रीय रीवा–रांची राजमार्ग एनएच-39 पर शुक्रवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। ग्राम पंचायत घिवही में अशोक यादव के घर के ठीक सामने तेज रफ्तार टिप्पर और बाइक की जोरदार भिड़ंत में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा लगभग रात्रि 11 बजे हुआ, जब कोहरे के कारण दृश्यता कम थी और सड़क पर वाहनों की रफ्तार नियंत्रित नहीं थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक चालक विण्ढमगंज से दुद्धी की ओर से आ रहा था और नशे की हालत में होने के कारण उसने बाइक पर नियंत्रण खो दिया। नशे में होने की वजह से बाइक अचानक रॉन्ग साइड चली गई और सामने से आ रहे बालू लदे टिप्पर से बचने के प्रयास में दोनों वाहनों में जबरदस्त टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टिप्पर (नंबर UP 64 AT 4998) अनियंत्रित होकर पलट गया।
बताया गया कि युवक बाइक होंडा एसपी शाइन चला रहा था, जिस पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि बाइक चालक पूरी तरह अनियंत्रित था और रॉन्ग साइड पर घुसने के कारण यह दुर्घटना हुई। हादसे के समय मार्ग पर हल्का कोहरा छाया था, जिसने दुर्घटना की स्थिति को और गंभीर बना दिया।
घटना के बाद क्षेत्र के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल युवक को प्राथमिक सहायता दी। साथ ही, तत्काल विंढमगंज पुलिस प्रशासन को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही विंढमगंज थाना प्रभारी अपने दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल युवक को दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजवाया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने पलटे हुए टिप्पर को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
विंढमगंज, सोनभद्र से
जितेंद्र प्रसाद गुप्ता की रिपोर्ट
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़



