Homeबड़ी खबरेताजा खबरसलैयाडिह पंचायत भवन पर लगा निशुल्क आई कैंप, 203 ग्रामीणों ने कराई...

सलैयाडिह पंचायत भवन पर लगा निशुल्क आई कैंप, 203 ग्रामीणों ने कराई जांच।

सलैयाडिह पंचायत भवन पर लगा निशुल्क आई कैंप, 203 ग्रामीणों ने कराई जांच।

विंढमगंज, सोनभद्र।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत सलैयाडिह पंचायत भवन पर आज सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित निशुल्क आई कैंप में ग्रामीणों की भारी भीड़ देखने को मिली। सद्गुरु सेवा संस्थान चित्रकूट एवं गायत्री परिवार विंढमगंज के संयुक्त सहयोग से लगाए गए इस शिविर में कुल 203 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया और अपनी आंखों की जांच कराई।

कैंप में मौजूद समाजसेवी हेमराज यादव ने बताया कि ग्रामीण अंचलों के गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए प्रतिमाह 5 तारीख को निरंतर इस तरह के शिविर का आयोजन किया जाता है। ठंड के मौसम में आंखों की समस्याएं बढ़ने के कारण यह पहल ग्रामीणों के लिए खास तौर पर राहत देने वाली साबित हो रही है।

आज के शिविर में मोतियाबिंद से प्रभावित 103 मरीजों का चयन किया गया, जिनमें से 83 मरीजों को विशेष वाहन से सद्गुरु सेवा संस्थान चित्रकूट भेजा गया, जहां उनका निःशुल्क ऑपरेशन कराया जाएगा। शिविर में आए बाकी मरीजों को प्राथमिक इलाज, जांच व परामर्श की सुविधा दी गई।

इसके साथ ही करीब 90 लोगों को दृष्टिदोष के अनुसार मुफ्त चश्मे वितरित किए गए, जिससे उन्हें तुरंत लाभ मिल सके। ग्रामीणों ने इस मुफ्त सेवा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्थाएं गांव के दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए जीवन बदलने वाली साबित होती हैं।

शिविर में इलाज की जिम्मेदारी डॉ. सुशील मिश्रा और दयाराम की मेडिकल टीम ने संभाली। जांच, पंजीकरण, भीड़ प्रबंधन और मरीजों को सहायता प्रदान करने में गायत्री परिवार विंढमगंज के सदस्य हुलास राम यादव, रामदास कुशवाहा और जितेंद्र लाल सहित स्वयंसेवकों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई है कि आगे भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से जारी रहें, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंच सकें और ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत हो।

विंढमगंज सोनभद्र से—
जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़

RELATED ARTICLES

Most Popular