Homeबड़ी खबरेताजा खबरसरकारी बिजली पोल पर निजी कब्जा! विण्ढमगंज में खुलेआम कानून की धज्जियां,...

सरकारी बिजली पोल पर निजी कब्जा! विण्ढमगंज में खुलेआम कानून की धज्जियां, क्या बिजली विभाग आंख मूंदे बैठा है।

सरकारी बिजली पोल पर निजी कब्जा! विण्ढमगंज में खुलेआम कानून की धज्जियां, क्या बिजली विभाग आंख मूंदे बैठा है।

विण्ढमगंज (सोनभद्र)।
स्थानीय थाना विण्ढमगंज अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह में सरकारी संपत्ति पर खुलेआम अतिक्रमण का गंभीर मामला सामने आया है। अशोक जायसवाल तेल मिल के ठीक सामने नईन अहमद द्वारा बिजली विभाग के सरकारी पोल को अपने निजी मकान के अंदर शामिल कर लिया गया है। वीडियो और फोटो में यह साफ दिखाई दे रहा है कि ग्रामीणों को आईटी सप्लाई देने के लिए लगाया गया बिजली पोल अब निजी भवन के लेंटर के भीतर समा चुका है, जो सीधे-सीधे कानून और नियमों का उल्लंघन है।
सबसे चिंताजनक स्थिति यह है कि उक्त क्षेत्र में बिजली आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के समाधान के लिए अब बिजली विभाग के संविदा कर्मचारियों को पहले निजी व्यक्ति से अनुमति लेनी पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि फॉल्ट ठीक कराने के लिए कर्मचारियों को नईन अहमद से आदेश लेकर ही काम करना पड़ता है। इससे न सिर्फ बिजली मरम्मत में देरी होती है, बल्कि कर्मचारियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है।
सरकारी बिजली पोल को निजी संपत्ति में बदलना स्पष्ट रूप से अवैध अतिक्रमण है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक बिजली विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। यह चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है—क्या विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?
इसी तरह नेशनल हाईवे से होते हुए इंडियन बैंक और सब्जी मंडी जाने वाली पीसीसी सड़क पर भी लोग सटकर मकान और दरवाजे बनाने का प्रयास कर रहे हैं। यह मार्ग पहले से ही संकरा है और अतिक्रमण से आवागमन बाधित होने के साथ दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता जा रहा है। आश्चर्य की बात यह है कि थाना महज लगभग 1000 मीटर की दूरी पर होने के बावजूद न तो पुलिस और न ही प्रशासन कोई ठोस कदम उठा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि बिजली विभाग तत्काल कार्रवाई करते हुए सरकारी बिजली पोल को निजी संपत्ति से बाहर कराए, ताकि फॉल्ट होने की स्थिति में सामुदायिक व संविदा कर्मचारी बिना किसी दबाव और अनुमति के आसानी से मरम्मत कर सकें। साथ ही पीसीसी सड़क और सार्वजनिक मार्गों से अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए प्रशासन सख्त अभियान चलाए।
अब देखने वाली बात यह है कि क्या बिजली विभाग और प्रशासन इस खबर के बाद नींद से जागकर कार्रवाई करेगा, या फिर नियमों को ताक पर रखकर अतिक्रमण का खेल यूं ही चलता रहेगा।
विण्ढमगंज सोनभद्र से — जितेंद्र प्रसाद
भारत दृष्टि लाइव न्यूज़

RELATED ARTICLES

Most Popular