
समाधान दिवस पर प्रशासन की बड़ी पहल, जनसुविधाओं को लेकर लगा विशेष शिविर।
सोनभद्र। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह के निर्देश पर जिले में समाधान दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण और जनसुविधाओं को सुलभ बनाने के उद्देश्य से विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं का सीधा लाभ दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए गए।

शिविर के दौरान आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग प्रमाण पत्र तथा खाद्य सुरक्षा योजनाओं से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। इससे ग्रामीणों और जरूरतमंदों को दफ्तरों के चक्कर काटने से राहत मिली और समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
विशेष रूप से दिव्यांगजनों के लिए लगाए गए कैंप में 13 पात्र दिव्यांगजनों के दिव्यांग प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार कर वितरित किए गए। वहीं, जनपद के 23 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान भारत कार्ड भी बनाकर उन्हें सौंपे गए, जिससे अब वे निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
इसके साथ ही शिविर में किसानों के फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण तथा राशन योजना के लाभार्थियों के सत्यापन का कार्य भी किया गया। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना रहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रह जाए।

इस समाधान शिविर में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी पी0के0 कुमार राय, उप जिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का तत्काल निस्तारण किया।
प्रशासन की इस पहल से क्षेत्र के लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखने को मिला। आमजन ने समाधान दिवस के माध्यम से एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं मिलने पर जिला प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
सोनभद्र से जितेन्द्र प्रसाद
अपने शहर के हर छोटी-बड़ी खबर को सुनने और देखने के लिए भारत दृष्टि लाइव न्यूज चैनल पर बने रहिए और खबर अच्छा लगे तो लाइक और शेयर जरुर करे



