
विंढमगंज में रेलवे अंडरपास पर लापरवाही: बिना सुरक्षा उपकरण के चल रहा वेल्डिंग कार्य, हादसे का खतरा बढ़ा।
विंढमगंज (सोनभद्र)।
स्थानीय थाना क्षेत्र विंढमगंज के अंतर्गत सीता मोड़ चौराहे से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित रेलवे अंडरग्राउंड अंडरपास के पास इन दिनों मैकेनिकल वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा है, लेकिन सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी देखने को मिल रही है। कार्य स्थल पर न तो किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था है और न ही मजदूरों को आवश्यक सेफ्टी उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।

मौके पर काम कर रहे एक मजदूर से पूछताछ करने पर उसने बताया कि कंपनी की ओर से अभी तक उन्हें कोई सुरक्षा किट या उपकरण उपलब्ध नहीं कराया गया है। यह कार्य अनिल कंस्ट्रक्शन द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन वहां पर न तो कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद दिखा और न ही किसी प्रकार की निगरानी व्यवस्था नजर आई।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि ऊपर से वेल्डिंग का कार्य किया जा रहा है, जिसकी चिंगारियां सीधे नीचे सड़क पर गिर रही हैं। इस दौरान वहां से गुजरने वाले राहगीर और वाहन चालक खुद को बचाते हुए किसी तरह रास्ता पार कर रहे हैं। इसके बावजूद वहां किसी प्रकार का चेतावनी बोर्ड या संकेत नहीं लगाया गया है कि कार्य प्रगति पर है।
इसके अलावा मजदूर बिना सेफ्टी बेल्ट के ऊंचाई पर चढ़कर काम करते दिखे, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने इस गंभीर लापरवाही पर चिंता जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया, तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता। ऐसे में सवाल उठता है कि यदि कोई हादसा होता है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा?



