
विंढमगंज पुलिस ने एनएच-39 पर चलाया सघन वाहन चेकिंग अभियान, ट्रक की तलाशी के बाद सुरक्षित रवाना किया।
विंढमगंज (सोनभद्र)। उत्तर प्रदेश–झारखंड सीमा पर स्थित विंढमगंज थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नेशनल हाईवे-39 (NH-39) पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की गहन जांच की।
चेकिंग के दौरान राजस्थान से गोदरेज डाई और हाथों में लगाने वाली मेहंदी लेकर रांची जा रहे एक ट्रक को रोककर उसकी बारीकी से तलाशी ली गई। पुलिस ने ट्रक में रखे सामान और आवश्यक दस्तावेजों की जांच की, लेकिन तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक या अवैध सामग्री बरामद नहीं हुई।
सभी दस्तावेज सही पाए जाने तथा किसी प्रकार की संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने पर पुलिस ने ट्रक को सुरक्षित रवाना कर दिया।
जानकारी के अनुसार, यह सघन चेकिंग अभियान लगभग एक घंटे तक चला, जिसके दौरान हाईवे से गुजरने वाले कई अन्य वाहनों की भी जांच की गई। विंढमगंज पुलिस का कहना है कि सीमा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।



