Homeबड़ी खबरेताजा खबरविंढमगंज–कचनरवा–कोन मार्ग पर जान से खिलवाड़, बिना सुरक्षा विद्युत कार्य से जनता...

विंढमगंज–कचनरवा–कोन मार्ग पर जान से खिलवाड़, बिना सुरक्षा विद्युत कार्य से जनता और मजदूर खतरे में।

विंढमगंज–कचनरवा–कोन मार्ग पर जान से खिलवाड़, बिना सुरक्षा विद्युत कार्य से जनता और मजदूर खतरे में।

विंढमगंज से होकर कचनरवा एवं कोन (जनपद सोनभद्र) को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग क्षेत्र की अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क मानी जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों छोटे-बड़े वाहन, स्कूली बच्चे, मरीज और राहगीर आवागमन करते हैं। वर्तमान में इस मार्ग पर रेलवे विभाग के अंतर्गत निर्माण कार्य चल रहा है। इसी क्रम में एक अंडरपास के ऊपर विद्युत से संबंधित कार्य कराया जा रहा है, लेकिन सबसे गंभीर बात यह है कि यह कार्य बिना किसी ठोस सुरक्षा व्यवस्था के किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों एवं वीडियो साक्ष्यों के अनुसार, विद्युत कार्य में लगे मजदूर बिना हेलमेट, सेफ्टी बेल्ट, इंसुलेटेड दस्ताने और अन्य अनिवार्य सुरक्षा उपकरणों के कार्य कर रहे हैं। यह स्थिति न केवल मजदूरों की जान के लिए बड़ा खतरा है, बल्कि अंडरपास से गुजरने वाले वाहनों और आम जनता के लिए भी कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। इससे साफ प्रतीत होता है कि संबंधित ठेकेदार द्वारा सुरक्षा मानकों की खुलकर अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्युत कार्य अत्यंत संवेदनशील होता है और इसमें थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। बावजूद इसके, विभागीय अधिकारियों की चुप्पी और ठेकेदार की मनमानी गंभीर सवाल खड़े कर रही है। यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते 31 जनवरी 2026 को कनहर सिंचाई विभाग के अंतर्गत एमएसए कंपनी में कार्यरत कोलिन्डूबा निवासी विजय कुमार यादव की 11000 हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से मौत हो गई थी। उस समय भी मजदूर बिना सेफ्टी कार्य कर रहा था। चार दिन तक न्याय न मिलने पर ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे NH-39 जाम किया, तब जाकर मृतक के परिजनों को ₹9 लाख का मुआवजा मिला।
स्थानीय जनता का आरोप है कि विभाग और ठेकेदार की ऐसी लापरवाही से न केवल मजदूरों की जान जा रही है, बल्कि इससे भारत सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है। विकास कार्यों के नाम पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी सरकार को बदनाम करने के समान है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि संबंधित विभाग तत्काल संज्ञान ले, कार्य को सुरक्षा मानकों के अनुरूप कराया जाए, दोषी ठेकेदार पर सख्त कार्रवाई हो और भविष्य में किसी और मजदूर की जान इस तरह न जाए।

सोनभद्र से जितेन्द्र प्रसाद

अपने शहर और गांव की हर छोटी-बड़ी खबर को सुनने व देखने के लिए भारत दृष्टि लाइव न्यूज़ चैनल से जुड़े रहें। खबर अच्छी लगे तो लाइक और शेयर जरूर करें।

RELATED ARTICLES

Most Popular