
यूपी-झारखंड बॉर्डर पर सड़क सुरक्षा अभियान, नियम तोड़ने वालों को दी जा रही सख्त हिदायत।

विंढमगंज (सोनभद्र)। सड़क दुर्घटनाओं में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सोनभद्र के निर्देश पर उत्तर प्रदेश-झारखंड सीमा क्षेत्र में विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजरने वाले दोपहिया, चारपहिया एवं भारी वाहनों के चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
विंढमगंज थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह तथा पुलिस बल द्वारा बॉर्डर क्षेत्र में वाहनों की सघन जांच की जा रही है। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, ओवरलोडिंग, तेज गति एवं अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों को रोककर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन सुरक्षित यात्रा कर सकें। अभियान के दौरान वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने की सलाह दी जा रही है।
थाना प्रभारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का पालन करें तो अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।




