Homeबड़ी खबरेताजा खबरमौत का जाल बना रेलवे अंडरपास: 20 एमएम स्टील रॉड से हर...

मौत का जाल बना रेलवे अंडरपास: 20 एमएम स्टील रॉड से हर दिन हादसे का खतरा, प्रशासन बेखबर!

मौत का जाल बना रेलवे अंडरपास: 20 एमएम स्टील रॉड से हर दिन हादसे का खतरा, प्रशासन बेखबर!

विंढमगंज सोनभद्र से बड़ी खबर
विंढमगंज क्षेत्र के सिता मोड़ चौराहे से लगभग 1000 मीटर दूरी पर कोन-विंढमगंज मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास इन दिनों एक गंभीर लापरवाही सामने आई है, जो किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रही है। अंडरपास के पास सड़क के बीचों-बीच 20 एमएम का मजबूत स्टील रॉड (लोहे का सरिया) बाहर निकला हुआ है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए भारी खतरा पैदा हो गया है।


स्थानीय लोगों के अनुसार, यह खतरनाक स्थिति कई दिनों से बनी हुई है, लेकिन अब तक न तो रेलवे विभाग और न ही स्थानीय प्रशासन ने इस ओर ध्यान दिया है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग और वाहन गुजरते हैं, जिनमें स्कूल के बच्चे, बाइक सवार और छोटे-बड़े वाहन शामिल हैं। ऐसे में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।


इसी बीच सलैयाडिह निवासी रूपेश प्रजापति ने सामाजिक जिम्मेदारी निभाते हुए इस खतरे को देखते हुए सरिया के पास एक डंडे में लाल कपड़ा बांधकर चेतावनी संकेत लगा दिया, ताकि राहगीर सतर्क रह सकें। रूपेश का यह प्रयास सराहनीय जरूर है, लेकिन यह अस्थायी समाधान है। उन्होंने बताया कि “कई दिनों से यह सरिया सड़क पर निकला हुआ है, लेकिन कोई अधिकारी देखने तक नहीं आया है। अगर समय रहते इसे ठीक नहीं किया गया तो किसी की जान भी जा सकती है।”
स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि ठेकेदार द्वारा अधूरा या लापरवाहीपूर्ण कार्य किया गया है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। साथ ही रेलवे विभाग और प्रशासन की चुप्पी भी सवालों के घेरे में है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि इस समस्या को तत्काल संज्ञान में लेकर सड़क की मरम्मत की जाए और दोषी ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ताकि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो और लोगों की जान सुरक्षित रह सके।

RELATED ARTICLES

Most Popular