
मां शबरी जयंती समारोह में शिक्षा और कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता पर जोर।

विंढमगंज (सोनभद्र)। थाना क्षेत्र के धुमा गांव में अखिल भारतीय भुइयां समाज कल्याण समिति के तत्वावधान में मां शबरी जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का नेतृत्व समिति के प्रदेश अध्यक्ष कमलेश भुइयां ने किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बसपा विधानसभा प्रभारी दुद्धी संजय गोंड एवं बसपा उपाध्यक्ष सेकरार अहमद मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में पलामू लोकसभा प्रत्याशी ममता भुइयां तथा भाजपा प्रदेश महामंत्री झारखंड प्रभात भुइयां की गरिमामयी उपस्थिति रही।

अपने संबोधन में संजय गोंड ने कहा कि मां शबरी ने अपनी निष्कलंक भक्ति और सच्चे आचरण से भगवान राम को भी भाव-विभोर कर दिया था। उनका जीवन समाज को प्रेम, समर्पण और एकता का संदेश देता है।
ममता भुइयां ने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने समाज से बेटियों की शिक्षा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।

कार्यक्रम में रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। भक्ति गीतों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
इस अवसर पर पप्पू भुइयां, सुभाष भारती, रामनाथ भुइयां (ग्राम प्रधान संरक्षक दुद्धी) सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संतोष भुइयां ने किया तथा अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।



