
मां काली मंदिर सलेयाडीह में शारदीय नवरात्र का शुभारंभ, कलश स्थापना के साथ हुई पूजा-अर्चना
विंढमगंज (सोनभद्र)।
विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलेयाडीह स्थित मां काली मंदिर में शारदीय नवरात्र महोत्सव का शुभारंभ बड़े ही श्रद्धा-भक्ति के साथ हो गया। सोमवार सुबह 9 बजे मंदिर समिति और स्थानीय श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से मां शैलपुत्री की पूजा-अर्चना करते हुए कलश स्थापना की।
पंडित राजेश तिवारी ने मंत्रोच्चार के बीच कलश स्थापना कराई। इस मौके पर मंदिर समिति के अध्यक्ष रवि शंकर जायसवाल, संरक्षक अशोक कुमार जायसवाल, नंदलाल केसरी, पप्पू गुप्ता, प्रवेश गुप्ता और कोषाध्यक्ष राजीव रंजन तिवारी समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कोषाध्यक्ष राजीव रंजन तिवारी ने बताया कि नवरात्र की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर परिसर में विशाल पंडाल का निर्माण कराया गया है। प्रतिदिन रात 8 बजे से भंडारे का आयोजन होगा, वहीं मां काली की महाआरती में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक संख्या में महाआरती और भंडारे में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करें।



