





महिला से अभद्रता और मारपीट का आरोप, एससी/एसटी धाराओं में मामला दर्ज, विण्ढमगंज में सनसनी
विण्ढमगंज (सोनभद्र)। विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कोलिंन्डूबा गांव में एक महिला के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग और मारपीट का मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। यह घटना 20 जनवरी 2026, दिन मंगलवार की बताई जा रही है, जब पीड़ित परिवार इलाज के लिए अस्पताल जा रहा था।
पीड़ित अंकित भारती पुत्र राजकुमार भारती ने थाना विण्ढमगंज में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह अपनी पत्नी और एक वर्ष की बच्ची को लेकर विण्ढमगंज के एक निजी अस्पताल में इलाज के लिए बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान अटल बिहारी यादव के घर के पास सड़क किनारे बैठे चार आवारा युवक शराब पी रहे थे। आरोप है कि उन लोगों ने उनकी पत्नी को देखकर अश्लील और आपत्तिजनक शब्दों का प्रयोग किया।
जब अंकित भारती ने इसका विरोध किया और पूछा कि गलत शब्द किसके लिए बोले जा रहे हैं, तो त्रिपुरुष यादव पुत्र बृज बिहारी यादव उनसे झगड़ा करने लगा। आरोप है कि त्रिपुरुष यादव ने न केवल अंकित भारती के साथ मारपीट की, बल्कि उनकी पत्नी के साथ भी हाथापाई की और एक वर्ष की बच्ची को गड्ढे में धकेल दिया। इसके बाद उसने अपने पिता बृज बिहारी यादव को फोन कर मौके पर बुला लिया, जहां दोनों पक्षों में मारपीट हुई।
पीड़ित अंकित भारती ने बताया कि वह अनुसूचित जाति (एससी) से हैं और घटना के बाद से पूरा परिवार भयभीत है। उन्होंने अपने तथा अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा को लेकर विण्ढमगंज प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।
थानाप्रभारी ने बताया कि प्रार्थना पत्र के आधार पर बृज बिहारी यादव पुत्र बुधनाथ यादव, त्रिपुरुष यादव पुत्र बृज बिहारी यादव, धीरज यादव पुत्र अज्ञात, गुड्डू यादव पुत्र अज्ञात तथा दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296, 76, 115(2), 351, 352(3) सहित एसी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
विण्ढमगंज सोनभद्र से जितेंद्र प्रसाद
अपने गांव व शहर की छोटी-बड़ी खबरें देखने और सुनने के लिए भारत दृष्टि लाइट न्यूज़ चैनल से जुड़े रहें। खबर अच्छी लगे तो लाइक, शेयर और कमेंट जरूर करें।



