
विकास खण्ड दुद्धी के अंतर्गत ग्राम पंचायत सलैयाडिह में स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र डिहवार बाबा स्थल की बाउंड्री निर्माण को लेकर भारत दृष्टि लाइव न्यूज द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई थी। खबर प्रसारित होने के बाद संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने तत्काल संज्ञान लेते हुए स्थल पर बाउंड्री निर्माण एवं इंटरलॉकिंग कार्य शुरू करा दिया, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से डिहवार बाबा स्थल की सुरक्षा और सौंदर्यीकरण की मांग की जा रही थी। बाउंड्री न होने के कारण स्थल की पवित्रता और सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बनी रहती थी। समाचार माध्यम द्वारा इस जनहित के मुद्दे को उठाए जाने के बाद ग्राम प्रधान एवं ग्राम विकास अधिकारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य प्रारंभ कराया, जो सराहनीय कदम है।
स्थानीय ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और ग्राम विकास अधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि इसी प्रकार जनसमस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए तो ग्राम पंचायत के विकास को नई गति मिलेगी। ग्रामीणों ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं का लाभ तभी आम जनता तक पहुंचेगा जब अधिकारी, जनप्रतिनिधि और जनता मिलकर कार्य करेंगे।
ग्रामीणों ने संकल्प व्यक्त किया कि ग्राम पंचायत में जहां भी किसी प्रकार की कमी, समस्या अथवा विकास कार्यों में बाधा दिखाई देगी, उसे जिम्मेदार अधिकारियों एवं शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा ताकि समय रहते उसका समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं बल्कि जनता की सक्रिय भागीदारी और जागरूकता से संभव है।
ग्रामवासियों ने उत्तर प्रदेश सरकार, ग्राम प्रधान तथा ग्राम विकास अधिकारी से अपेक्षा जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार जनहित और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। डिहवार बाबा स्थल पर शुरू हुए निर्माण कार्य से क्षेत्र के लोगों में सकारात्मक संदेश गया है और उन्हें विश्वास हुआ है कि उनकी आवाज उठाने पर समस्याओं का समाधान संभव है।





