
भारती इंटरमीडिएट कॉलेज की समस्याओं को लेकर एमएलसी को सौंपा गया ज्ञापन, शैक्षणिक भविष्य पर मंडराया संकट।
विंढ़मगंज/सोनभद्र। विकास खंड दुद्धी अंतर्गत स्थित भारती इंटरमीडिएट कॉलेज, विंढ़मगंज में व्याप्त शैक्षणिक एवं प्रशासनिक समस्याओं को लेकर अभिभावकों, समाजसेवियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) श्री श्याम नारायण सिंह को एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से विद्यालय की बदहाल स्थिति, शिक्षकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं के अभाव को उजागर करते हुए त्वरित हस्तक्षेप की मांग की गई।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजसेवी श्रवण सिंह गोंड, ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गौड़, ग्राम प्रधान धरती डोलवा (सुरेंद्र पासवान), प्रधान प्रतिनिधि सलैयाडीह अभिषेक प्रताप सिंह, ओम कुमार रावत, अजय गुप्ता, ओमप्रकाश यादव, संजय गुप्ता, मनीष मद्धेशिया एवं उदय जायसवाल प्रमुख रूप से शामिल रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्र में स्थित यह विद्यालय दर्जनों गांवों के विद्यार्थियों के लिए उच्च शिक्षा का प्रमुख केंद्र है, लेकिन वर्षों से यहां शिक्षकों की भारी कमी बनी हुई है।
बताया गया कि हाल ही में अंग्रेजी के एकमात्र शिक्षक का स्थानांतरण कर दिए जाने से क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। जबकि बोर्ड परीक्षाओं में मात्र दो माह का समय शेष है, ऐसे में छात्रों की पढ़ाई गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। हिंदी, सामाजिक विज्ञान, गणित एवं विज्ञान जैसे महत्वपूर्ण विषयों के शिक्षक पद भी लंबे समय से रिक्त हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था लगभग ठप होने की स्थिति में है।
इसके साथ ही विद्यालय भवन की स्थिति अत्यंत जर्जर बताई गई, जिससे किसी भी समय बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बुनियादी सुविधाओं का अभाव, भूमि विवाद, अतिक्रमण तथा विद्यालय के आय-व्यय में अनियमितताओं के आरोप भी ज्ञापन में प्रमुखता से उठाए गए। प्रतिनिधिमंडल ने कक्षा 12वीं की प्रबंधन समिति को भंग कर विद्यालय को राजकीय इंटर कॉलेज का दर्जा देने की भी मांग की।
ज्ञापन प्राप्त करने के बाद एमएलसी श्री श्याम नारायण सिंह ने कहा कि एकल अंग्रेजी शिक्षक का स्थानांतरण छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस गंभीर मामले को लेकर वे मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से भेंट कर शीघ्र समाधान कराने का प्रयास करेंगे।
इसी दौरान रेल रोको संघर्ष समिति की ओर से धनबाद–भोपाल नई एक्सप्रेस ट्रेन के विंढ़मगंज/दुद्धी क्षेत्र में ठहराव की मांग को लेकर भी एमएलसी को ज्ञापन सौंपा गया। एमएलसी ने इस विषय पर भी रेल मंत्री से मिलकर समाधान निकालने का भरोसा दिलाया।



