
उद्घाटन मुकाबले में प्रशासन एकादश का शानदार प्रदर्शन, मीडिया एकादश को 28 रनों से दी मात।

दुद्धी।
स्थानीय टाउन क्लब मैदान पर रविवार को 39वें अंतर्राज्यीय क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ खेल प्रेमियों की मौजूदगी में उत्साहपूर्ण माहौल के साथ हुआ। उद्घाटन मैच प्रशासन एकादश और मीडिया एकादश के बीच मैत्रीपूर्ण अंदाज में खेला गया, जिसमें प्रशासन एकादश ने अनुशासित खेल और बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर मीडिया एकादश को 28 रनों से पराजित कर टूर्नामेंट में विजयी आगाज किया।
मैच का टॉस प्रशासन एकादश ने जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 10 ओवरों के खेल में प्रशासन की टीम ने 9 विकेट के नुकसान पर 86 रनों का सम्मानजनक स्कोर खड़ा किया। बल्लेबाजी में सर्वेश सिंह ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाकर टीम के लिए सर्वाधिक योगदान दिया, जबकि अश्विनी पटेल ने 13 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से 12 रनों की उपयोगी पारी खेली।
मीडिया एकादश की ओर से गेंदबाजी में भीम जायसवाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट चटकाए। बादल ने 2 विकेट हासिल किए, वहीं प्रभात कुमार, देवी शक्ति उर्फ राजा, रवि सिंह और राकेश गुप्ता ने 1-1 विकेट लेकर प्रशासन की रन गति पर नियंत्रण रखने का प्रयास किया।
87 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मीडिया एकादश की टीम निर्धारित 10 ओवरों में संघर्ष करती नजर आई और सभी विकेट खोकर 58 रन ही बना सकी। मीडिया की ओर से बल्लेबाजी में बादल ने 14 रन बनाकर सर्वाधिक योगदान दिया। प्रभात कुमार ने 11 गेंदों पर 11 रन, निशांत ने 10 रन, जितेंद्र अग्रहरि ने 6 रन तथा रियाज ने 4 रनों का योगदान दिया।
प्रशासन एकादश की जीत में गेंदबाज अमित की भूमिका निर्णायक रही, जिन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। दीपक ने भी 2 विकेट लेकर उनका भरपूर साथ दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अमित को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित कर पुरस्कृत किया गया।
मैच की आकर्षक कमेंट्री इरफान खिलाड़ी ने की, जिससे दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि एवं समारोह अध्यक्ष द्वारा विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी एवं व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं आयोजन समिति द्वारा मुख्य अतिथि, समारोह अध्यक्ष, वरिष्ठ पत्रकारों एवं मीडिया टीम के मैनेजर को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।



